देश के सभी राज्यों के पर्यावरण मंत्रियों के राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- पर्यावरण के नाम पर विकास की परियोजनाओं को अनावश्यक ठप न करें। उन्होंने सरदार सरोवर बांध का उदाहरण देकर कहा- अर्बन नक्सली कई सालों तक बांध के निर्माण का काम रोके रहे।
नेहरू ने शिलान्यास किया, मोदी ने उद्घाटन
मोदी ने कहा- देश आजाद होते ही सरदार सरोवर बांध के काम शुरू हुआ। पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने इसका शिलान्यास किया था। इसके बाद अर्बन नक्सली एक्टिव हो गए और नर्मदा नदी पर बनने वाले इस बांध का काम यह दावा करते हुए रोका कि यह पर्यावरण को नुकसान पहुंचाएगा।
इसका परिणाम ये हुआ कि बांध बनने में कई दशक लग गए। इसका उद्घाटन तब हो सका जब मैं प्रधानमंत्री बना। इस देरी के कारण भारी मात्रा में धन बर्बाद हो गया था। अब जब बांध पूरा हो गया है, आप अच्छी तरह से अंदाजा लगा सकते हैं कि उन अर्बन नक्सलियों दावे कितने संदिग्ध थे।
साजिश का मुकाबला करें
PM ने कहा- ये शहरी नक्सली अभी भी सक्रिय हैं। मैं आपसे यह सुनिश्चित करने का आग्रह करता हूं कि पर्यावरण के नाम पर परियोजनाएं अनावश्यक रूप से ठप न हों। साजिश का मुकाबला करने के लिए हमारे पास एक संतुलित दृष्टिकोण होना चाहिए।
सर्कुलर इकॉनॉमी को ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा दें
मोदी ने कहा- आजकल हम देखते हैं कि कभी जिन राज्यों में पानी की बहुलता थी, ग्राउंड वॉटर ऊपर रहता था, वहां आज पानी की किल्लत दिखती है। ये चुनौती सिर्फ पानी से जुड़े विभाग की ही नहीं है, बल्कि पर्यावरण विभाग को भी इसे उतना ही बड़ी चुनौती समझना होगा।
मैं सभी पर्यावरण मंत्रियों से आग्रह करूंगा कि राज्यों में सर्कुलर इकॉनॉमी को ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा दें। इससे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति के हमारे अभियान को भी ताकत मिलेगी।