हर-हर शंभू फेम सिंगर फरमानी नाज के सगे भाई अरमान को पुलिस ने अरेस्ट किया है। पुलिस ने अरमान को डकैती का आरोपी बनाया है। दावा किया है कि अरमान ने मेरठ के सरधना इलाके में डकैती डालकर लोहे की सरिया लूटी थीं। फरमानी के पिता और जीजा को इस गिरोह का सरगना बताया गया है।
सोमवार को मेरठ पुलिस ने 8 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें फरमानी का भाई अरमान भी है। आरोप है कि ये गिरोह लोहे की सरिया को लूटकर बाजार में बेचता था। पुलिस ने 200 किलो सरिया भी बरामद की है।
अभिलिप्सा पांडा के गाए हर-हर शंभू गाने को यूट्यूब सिंगर फरमानी नाज ने गाया। इसके बाद वो चर्चा में आई। फरमानी इंडियन आइडल में भी गोल्डन टिकट पा चुकी हैं। मगर बच्चे की तबीयत खराब होने के चलते उसे वापस आना पड़ा था। इसके बाद से फरमानी यूट्यूब सिंगर बन गईं। अब फरमानी गाने गाकर ही अपने बच्चे को पाल रही हैं। फरमानी का ‘हर-हर शंभू’ गाना सोशल मीडिया में काफी वायरल हुआ है।
200 किलो सरिया और एक पिकअप के साथ पकड़े गए
अब आप पढ़िए पुलिस की कहानी। पिछले दिनों सरधना के हर्रा इलाके से 200 किलो लोहे की सरिया लूटी जाती है। ये सरकारी टंकी के कंस्ट्रक्शन में इस्तेमाल होनी थी। थाना सरुरपुर में इसकी एफआईआर दर्ज हुई थी। पुलिस को लुटेरों की तलाश थी। कहानी कुछ ऐसी है कि जिन 8 लोगों को अरेस्ट किया गया है, वे दोबारा लूट की प्लानिंग कर रहे थे। पुलिस ने उनकी घेराबंदी की थी।
खिर्वा चौराहा के पास से बदमाशों को पकड़ा गया। उनके बताई जगह पर लुटी गई 200 किलो लोहे की सरिया भी बरामद हो गई थी। साथ ही एक पिकअप गाड़ी भी पुलिस ने बरामद की। पुलिस के अनुसार इसी पिकअप में ये लुटेरे लूट का माल भरकर ले जाते थे।
पुलिस ने कहा- अरमान बहुत शातिर
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किया गया अरमान बहुत शातिर अपराधी है। वो रतनपुरी मुजफ्फरनगर में रहता है। पेशे से लूट और उसमें लूटे गए माल को बाजार में बेचने का काम करता है। उसके साथ गिरोह में कुछ और साथी भी शामिल हैं। इनकी पहचान हो चुकी है।
फरमानी का पिता-जीजा गिरोह का सरगना
फरमानी के पिता आरिफ और जीजा इरशाद का नाम भी इस कांड में नाम आया है। पुलिस के मुताबिक, गायिका का जीजा और पिता दोनों लुटेरों के इस गिरोह के सरगना हैं। अभी दोनों फरार चल रहे हैं। पुलिस ने यूपी के सभी थानों में उनकी तस्वीरें भेजी हैं।
मेरा जीजा गलत काम करता है, भाई-पिता बेकसूर
इस पूरे मामले में फरमानी नाज का कहना है कि उनके भाई अरमान को फंसाया गया है। वही उसके पिता का नाम भी गलत तरीके से लिखा गया है। फरमानी के अनुसार उसके पिता सांस की बीमारी से पीड़ित हैं। वही फरमानी ने इस पूरे मामले में अपने जीजा मुस्तकीम का नाम लिया है। उनके अनुसार, उसका जीजा मुस्तकीम ये गलत काम करता है।