पलवल( अतुल्य लोकतंत्र ): मुकेश बघेल/ आजादी अमृत महोत्सव श्रृृंखला के तहत जिला में आगामी 2 से 4 दिसंबर तक जिला स्तरीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले 19 नवंबर से कुरूक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2022 का विधिवत शुभारंभ होगा जोकि आगामी 06 दिसंबर,2022 तक चलेगा। इस आश्य की जानकारी कुरूक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य सचिव विजय दहिया तथा मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव व सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के महानिदेशक डा. अमित कुमार अग्रवाल ने वीडियो कांफ्रेंस से गुरूवार की देर शाम पलवल सहित राज्य के सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए दी।
मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव हरियाणा का वैश्विक स्तर पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। कुरूक्षेत्र सहित सभी जिलों में आयोजित होने वाले आयोजन में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक व अन्य स्वयंसेवी संगठनों को भी जोड़ा जाए ताकि यह एक जन आयोजन बन सके।
उन्होंने सभी जिलों को गीता महोत्सव के बेहतरीन एवं शानदार आयोजन के लिए के दिशा-निर्देश दिए।
प्रदेश के सभी जिलों में सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार 2 से 4 दिसंबर तक जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। भक्ति से ओत प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीता के बौद्धिक पक्ष पर आधारित सेमिनार, श्लोक उच्चारण व नगर शोभा यात्रा का आयोजन होगा।
वीडियो कांफ्रेंस में एडीसी ने कुरूक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य सचिव तथा अतिरिक्त प्रधान सचिव को जानकारी देते हुए बताया कि पलवल जिला में गरिमामयी ढंग से जिला स्तरीय गीता महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में विभिन्न धार्मिक सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी के साथ-साथ स्कूल-कालेजों व विश्वविद्यालय में भी श्रीमदभगवत गीता पर आधारित रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा ताकि इस महोत्सव का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
वीडियो कांफ्रेंस में सी ई ओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, सी टी एम् दिवजा, डीआईओ डीपी कुलश्रेष्ठ, डी डी पी ओ उपमा अरोड़ा, डीईओ अशोक कुमार बघेल भी मौजूद रहे।