•कोविड-19 के निर्देशों की अनुपालना के साथ चलाया जा रहा अभियान
पलवल, 09 नवम्बर( अतुल्य लोकतंत्र ): उपायुक्त कृष्ण कुमार की शुभकामनाओं के साथ जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी कार्यालय की भजन मंडलियों ने गांवों में विशेष प्रचार अभियान का आगाज कर दिया है। पलवल जिला में चार भजन मंडलियों के माध्यम से विशेष प्रचार अभियान की शुरुआत की गई है, जो कि पलवल जिला के गांव-गांव जाकर सरकार की जन हितकारी नीतियों व विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में जुट गई हैं।
प्रदेश सरकार के शासन के दूसरे कार्यकाल में दो वर्ष पूर्ण करने के उपलक्ष में 8 नवम्बर से 8 दिसंबर 2021 तक विशेष प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग द्वारा इस विशेष प्रचार अभियान के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं विकास कार्यों के बारे में क्षेत्रीय प्रचार अमले द्वारा आम जनता को लोक गीतों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आमजन को आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देश के स्वतंत्रता संग्राम के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।
उपायुक्त कृष्ण कुमार ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विशेष प्रचार अभियान के दौरान प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को कलाकारों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जायेगा ताकि सभी पात्र व्यक्ति इन योजनाओं का पूर्ण लाभ उठा सके। अन्य प्रचार माध्यमों से भी इन योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जायेगी। विशेष प्रचार अभियान के दौरान कलाकारों द्वारा सरल भाषा में गीतों व भजनों के माध्यम से योजनाओं की पूरी जानकारी लोगों तक पहुंचाई जायेगी।
जिला सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार कहा कि विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल के निर्देशानुसार एवं उपायुक्त कृष्ण कुमार के मार्गदर्शन में विशेष प्रचार अभियान शुरू किया गया है। इस विशेष प्रचार अभियान के दौरान क्षेत्रीय प्रचार अमले द्वारा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लोगों को जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी गीतों के माध्यम से दी जा रही है। विशेष प्रचार अभियान के दौरान क्षेत्रीय प्रचार अमले द्वारा कोविड-19 के नियमों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
भजन मंडलियों के द्वारा पलवल खंड के तहत भुडज़ा व हथीन खंड में नागल सभा तथा हसनपुर खंड में संदोली और होडल खंड में गांव फूलवाड़ी से प्रचार अभियान की शुरूआत की। लीडर भजन मंडली महाशय धर्मवीर सिंह, महाशय राजाराम तथा महाशय शिब्बन सिंह और महाशय विक्रम सिंह के नेतृत्व में जोरदार प्रचार अभियान चला रही हैं। इस दौरान भजन मंडलियों द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढाओ, परिवार पहचान पत्र, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्वामीत्व योजना के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, संरक्षण, स्वावलम्बन जैसे महत्वपूर्ण विषयों सहित कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण के लिए लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही उन्होंने कोविड-19 के प्रति भी ग्रामीणों को जागरूक करते हुए निर्देशों की पूर्ण अनुपालना के लिए प्रोत्साहित किया। गायक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को टीकाकरण के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया।
विशेष प्रचार अभियान के दौरान भजन मंडलियों के लीडरों का पूर्ण सहयोग उनके सदस्यों ने दिया। सदस्यों ने ढ़ोलक व चिमटा तथा हारमोनियम पर ताल से ताल मिलाई। भजन मंडलियों के सदस्यों में लल्लूराम, अमर सिंह, बीपीडब्ल्यू विजेंद्र सिंह, जवाहर सिंह, बीपीडब्ल्यू हेतराम, मांगेराम, मुकुटलाल, बीपीडब्ल्यू महेश कुमार, दुलीचंद व प्रेमचंद और बीपीडब्ल्यू हरिचंद शामिल रहे।