Faridabad/Atulya Loktantra : कश्मीर में एक एनकाउंटर के दौरान सेना के लांस नायक राजसिंह खटाना शहीद हो गए। सेना ने उनकी शहादत पर कहा कि राष्ट्र हमेशा उनका ऋणी रहेगा। जम्मू-कश्मीर के डोडा में रविवार को देर रात हुई सेना और पुलिस के एक संयुक्त ऑपरेशन में राज सिंह खटाना शहीद हुए हैं।
डोडा में सुरक्षा बल और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें राजसिंह खटाना शहीद हुए। सुरक्षा बलों ने दो आतंकियों को मार गिराया। इसमें एक हिजबुल मुजाहिदीन का कुख्यात आतंकी ताहिर अहमद भट शामिल है। डोडा में सुरक्षा बलों को आतंकवादियों के होेने के इनपुट मिले थे। सुरक्षा बलों ने तुरंत गांव की घेराबंदी कर दी।
जब सेना ने आतंकियों से आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, तो जवाब में आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग खोल दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी गोलीबारी की। फायरिंग के बीच लांस नायक राज सिंह खटाना गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल साथी सैनिकों द्वारा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सेना ने कहा कि राज सिंह खटाना एक बहादुर, अत्यधिक प्रेरित और एक ईमानदार सैनिक थे। उनके सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्य के लिए राष्ट्र हमेशा उनका ऋणी रहेगा।
दमदमा निवासी
राज सिंह खटाना गुरुग्राम के दमदमा के निवासी हैं। राजसिंह नौ वर्ष पूर्व सेना में भर्ती हुए थे। राज सिंह खटाना की शहादत का समाचार मिलते ही दमदमा में शोक की लहर दौड़ गई। राज सिंह खटाना दो बच्चों के पिता हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है।
शोक जताया
राजसिंह खटाना की शहादत पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, सांसद दीपेंद्र हुड्डा और बड़खल के कांग्रेसी प्रत्याशी विजय प्रताप सिंह ने शोक प्रकट किया है।