भाजपा सरकार के खिलाफ बल्लभगढ़ में कांग्रेस ने निकाली जन जागरण पदयात्रा
फरीदाबाद। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती महंगाई और मौजूदा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अनाज मंडी से गुप्ता होटल चौक तक जन जागरण पदयात्रा निकालकर जनता को भाजपा सरकार की कारगुजारियों से अवगत कराया। इस पदयात्रा का नेतृत्व पूर्वमंत्री बिजेंद्र कादयान ने किया, जबकि इस मौके पर मुख्य रूप से बडखल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विजय प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़, बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज अग्रवाल, पूर्व मंत्री ए.सी चौधरी, बलजीत कौशिक, चेयरमैन डा. एस.एल. शर्मा, गौरव ढींगरा, राजेंद्र बामला, सेवादल प्रदेश उपाध्यक्ष संजय त्यागी, महिला जिलाध्यक्ष सुनीता फागना, गजना कालीरमन, महिला जिलाध्यक्ष सोनू चौधरी, कांग्रेस नेत्री सीमा जैन, गुलशन बग्गा, अशोक रावल, बाबूलाल रवि, अनीश पाल, राजेश आर्य आदि मौजूद थे। पदयात्रा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बिजेन्दर कादयान ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक कांग्रेस पार्टी ने जनता की आवाज़ को बुलंद करने का काम किया है। चाहे लोकतंत्र की बात हो या चाहे आम लोगों की दैनिक समस्याएं हों, जो भी चुनौती आती है उसे कांग्रेस पार्टी स्वीकार करती है। भाजपा सरकार ने झूठ की बुनियाद पर सत्ता हासिल की है। लोगों के बीच भाईचारा बिगाडऩे से लेकर उनके सामने जुमले रखने जैसे काम करने में भाजपा सरकार माहिर रही है। बिजेन्दर कादयान ने लोकतंत्र के विषय में अपने वक्तव्य में कहा कि कोई भी जि़म्मेदार व्यक्ति अपने शब्दों, वक्तव्यों के आधार पर लोकतंत्र में लोगों का विश्वास हासिल करता है न कि झूठ के आधार पर। महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेसजनों ने कहा कि सरकार महंगाई तो लगातार बढ़ा रही है लेकिन वेतन और मज़दूरी बढ़ाने की चर्चा भी नहीं कर रही। ऐसी मुश्किल घड़ी में घर का खर्च भी ठीक से चला पाना मुश्किल हो गया है। सरकार ने बीते वर्षों में गरीबी रेखा के कार्ड भी नहीं बनाए। भाजपा ने झूठ का आधार बनाकर गरीब आदमी और आम जनता की जेब पर डाका डाला है। जन जागरण अभियान पर प्रकाश डालते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा देश भर में जन जागरण अभियान शुरू किया गया है,जो आगामी 29 नवम्बर तक चलेगा। अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता लोगों के घर-घर तक जाएंगे और वर्तमान भाजपा सरकार की गलत नीतियों के बारे में लोगों को अवगत कराएंगे।
भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से आम आदमी हुआ त्रस्त : बिजेन्दर कादयान
Leave a comment
Leave a comment