Faridabad/Atulya Loktantra : संत सुरक्षा मिशन के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी राजेंद्र देव महाराज ने महाराष्ट्र में हुई संतो की हत्या को घृणित करार दिया है। उन्होंने कहा कि जब रक्षक ही अपने धर्म से भटक जाए तो क्या कहा जा सकता है, पुलिस की मौजूदगी में यह हत्याएं होना शर्मनाक है। उनके मुताबिक यह घटना जनसुरक्षा एवं मानसिकता पर प्रश्चिन्ह खड़े करती है। उन्होंने इस घटना को सनातन संस्कृति की हत्या करार दिया।
उन्होंने कहा कि जो संत मानवता के लिए तपस्या करते हैं, शांत प्रवृति के होते हैं उनके साथ ऐसा होना मानव संस्कृति को शर्मसार करता है। दुनिया में महामारी के चलते पहले ही लोग भयभीत हैं ऐसे में यह स्थिति और भयावह है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए ‘संत सुरक्षा मिशन’ की ओर से ग्यारह सदस्यों की एक कमेटी का गठन करने की जानकारी एक प्रैस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।
यह ‘संत सुरक्षा मिशन’ की आंतरिक कमेटी अपने स्तर पर घटना की जांच करेगी। उन्होंने यह जानकारी भी दी कि पुण्य आत्माओं की शांति के लिए ‘संत सुरक्षा मिशन’ के सभी सदस्य दीप जलाकर श्रद्धांजलि देंगे।