पिछले माह का वेतन न मिलने से म्युनिसिपल कॉरपोरेशन इंप्लाइज फेडरेशन यूनियन के आह्वान पर गुरुवार को कर्मचारियों ने 4 घंटे टूल डाउन कर कामकाज ठप रखा। इस दौरान कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शन का नेतृत्व फेडरेशन के प्रधान रमेश कुमार जागलान कर रहे थे।
जारी रहेगा आंदोलन
कर्मचारी नेता शाबिर खान ने कहा कि टूल डाउन के बाद भी नगर निगम प्रशासन चुप है। फेडरेशन के प्रधान रमेश कुमार जागलान ने कहा कि जब तक वेतन नहीं मिलता धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन को आगे बढ़ाते हुए 16 अप्रैल को भी 4 घंटे टूल डाउन रहेगा। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। इससे प्रशासन को मुंहतोड़ जवाब दिया जा सकेगा। प्रदर्शन में बल्लभगढ़ एवं ओल्ड जोन कार्यालय के कर्मचारियों ने भी भाग लिया। प्रदर्शन में कर्मचारी नेता नरेश कुमार बैंसला, अमित शर्मा, राजेन्द्र कुमार, नरेन्द्र वर्मा, शब्बीर खान, सुरजीत नागर, रण सिंह भडाना, जोगेन्द्र सिंह, हरेराम, कर्ण सिंह, धीर सिंह, रमेश पहलवान, प्रमोद कुमार रोहिल्ला, टेकचंद शर्मा, सीताराम शर्मा आदि शामिल थे।