आर्थिक कंगाली से जूझ रहे नगर निगम ने शहर में हो रहे विकास कार्यों पर ब्रेक लगा दिया है। मुख्यमंत्री घोषणा के करीब 160 करोड़ के तीन प्रोजेक्ट छह माह से बंद पड़े हैं। सरकार से शिकायत होने पर मुख्यमंत्री के विशेष सलाहकार शुक्रवार को फरीदाबाद पहुंचे और इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों के साथ तीनों प्रोजेक्ट की जानकारी ली। साथ ही बड़खल विधानसभा क्षेत्र में बनाए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय स्तर के राजा नाहर सिंह स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से काम लेट होने के कारणों की जानकारी ली। ताकि इस समस्या के बारे में सरकार तक जानकारी पहुंचायी जा सके। सूत्रों की मानें तो विकास कार्य कराने वाले ठेकेदारों को बकाया भुगतान न होने के कारण काम में विलंब हो रहा है। कहा तो यहां तक जा रहा है कि निगम अधिकारी समय पर सरकार पर पैसों की डिमांड तक नहीं भेज रहे हैं।
115.29 करोड की लागत से बन रहा स्टेडियम
14 मई 2016 को फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में हुई सीएम मनोहरलाल की रैली में राजा नाहर सिंह स्टेडियम को कायाकल्प करने की घोषणा की गई थी। सीएम की घोषणा होने के कारण नगर निगम ने इसका डीपीआर तैयार कराया। डीपीआर सबमिट होने के बाद राज्य सरकार ने 115.29 करोड़ रुपए की मंजूरी दे दी है। जनवरी 2019 में इसे शुरू किया गया था। दिसंबर 2022 तक पूरा होना है। लेकिन अभी तक महज 60% ही काम पूरा हो पाया है।
29.98 करोड़ से बनाया जा रहा अस्पताल
प्रदेश के तत्कालीन उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने 16 मई 2016 को सेक्टर 17 स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में डिजिटल रैली की थी। इसमें मुख्यमंत्री मनोहरलाल शामिल हुए थे। गोयल की मांग पर मुख्यमंत्री ने जमीन की उपलब्धता पर 50 बेड का अस्पताल ओल्ड फरीदाबाद में थाने के सामने पुरानी डिस्पेंसरी की बिल्डिंग तोड़कर वहां 29.98 करोड़ से मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाने की घोषणा की थी। इसमें निजी अस्पतालों की तरह सभी आधुनिक सुविधाएं मरीजों को मिलेंगी। इसका अभी तक 5% भी काम नहीं हुआ है। केवल पिलर खड़े किए गए हैं।
14.50 करोड़ की लागत से बनना है स्कूल
पूर्व मंत्री विपुल गोयल ने अनाज मंडी ओल्ड फरीदाबाद के पास ही पुरानी बिल्डिंग को तोड़कर करीब 14.50 करोड़ की लागत से मॉर्डन स्कूल बनाने की घोषणा मुख्यमंत्री मनोहरलाल से वर्ष 2016 में कराई थी। इसका भी काम बंद पड़ा है। इस प्रोजेक्ट में भी केवल पिलर तक खड़े किए गए हैं।
राजा नाहर सिंह स्टेडियम का किया निरीक्षण
फरीदाबाद पहुंचे सीएम के विशेष सलाहकार राकेश मनोचा एक्स्ईएन ओपी कर्दम के साथ राजा नाहर सिंह स्टेडियम का निरीक्षण किया। साथ ही अन्य प्रोजेक्ट के लेट होने के कारणों की जानकारी ली। मनोचा अपनी रिपोर्ट बनाकर सरकार को देंगे। उम्मीद है कि इसके बाद सरकार पैसे जारी करेगी। मनोचा ने अधिकारियों से क्या चर्चा की इस बात पर कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है।
पेमेंट न होने से ठेकेदार नहीं कर रहे काम
निगम सूत्रों की मानें तो ठेकेदारों को पैसे न मिलने के कारण तीनों प्रमुख प्रोजेक्ट का काम रूका पड़ा है। हालांकि एक्सईएन ओपी कर्दम स्टेडियम का काम चालू हाेने का दावा करते हैं। निगम सूत्रों ने ये भी बताया कि उच्चाधिकारी समय पर सरकार से पैसों की डिमांड ही नहीं भेज रहे तो पैसे आएगा कैसे।