नगर निगम ने बुधवार से अरावली स्थित पाली मोहब्बाताबाद की जमीन पर कचरा डलवाना शुरू कर दिया। इसको लेकर ग्रामीणों ने विरोध भी शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि निगम बंधवाड़ी में कूड़ों का पहाड़ खड़ाकर वहां के जीव जंतुओं को नुकसान पहुंचाया है और पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। अब गांव के लेागों को नुकसान पहुंचाने की साजिश की जा रही है। ग्रामीणों की माने तो बुधवार को करीब 10 ट्रक कूड़ा लाकर डाल गया है।
उधर निगम अधिकारियों का कहना है कि पाली में कूड़ा घर नहीं बल्कि ड्राइ वेस्ट को डाला जा रहा है। ताकि बंधवाड़ी के पहाड़ को कम किया जा सके। एडिशनल कमिश्नर इंद्रजीत कुलेरिया का कहना है कि उस जमीन पर केस चल रहा है, इसलिए तुरंत प्रभाव से वहां कचरा डालने से रोक दिया गया है।
सेव अरावली के संस्थापक सदस्य जितेंद्र भड़ाना ने बताया कि नगर निगम ने 10 ट्रक कूड़ा अरावली में गिरा दिया है, जिससे वन्य जीवों काे नुकसान तो होगा। साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को भी नुकसान होगा। जिस जगह पर कचरा डाला जा रहा है। उस पर कोर्ट केस चल रहा है, इसलिए नगर निगम उस जमीन पर कचरा नहीं फेंक सकता है। इस संबंध में गांव के लोगों ने नगर निगम को लिखित शिकायत भी की है।
नगर निगम एडिशनल कमिश्नर इंद्रजीत कुल्हेरिया ने बताया कि जिस जमीन पर सूखा कूड़ा डाला जा रहा था। अब वहां नहीं डाला जाएगा। क्योंकि उस जमीन पर कोर्ट केस चल रहा है।