Faridabad/Atulya Loktantra : तीन जून को विश्व साइकिल दिवस मनाया जाता है, कोरोना महामारी से बचाव तथा प्रतिरोधक क्षमता सुदृढ़ करने के लिए राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद में जूनियर रेडक्रॉस तथा सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड ने विद्यालय के प्रधानाचार्य और जे आर सी काउन्सलर रविन्द्र कुमार मनचन्दा के मार्गदर्शन में साइकिल का अधिकाधिक प्रयोग करने के लिए प्रेरित कर जागरूक किया। प्रतिवर्ष 3 जून को विश्व साइकिल दिवस मनाया जाता है संयुक्त राष्ट्र द्वारा पहला आधिकारिक विश्व साइकिल दिवस 3 जून, 2018 को परिवहन के एक सरल, मितव्ययी , भरोसेमंद, स्वच्छ और पर्यावरणीय रूप से फिट तथा टिकाऊ साधनों को प्रोत्साहित करने के लिए मनाया गया था। इसका उद्देश्य दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को लोकप्रिय बनाना है।
इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए साइकिल चलाने का संदेश दिया
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से जंग लड़ने में साइकिल एक कारगर हथियार की तरह काम आ रही है। एक अनुमान के अनुसार प्रतिदिन 20 मिनट साइकिल चलाकर इम्युनिटी बूस्ट करने के साथ तमाम बीमारियों से बचा जा सकता है। ये बात गहन अध्ययनों में भी सामने आ चुकी है कि साइकिल चलाने से ब्लड सर्कुलेशन अच्छा होता है इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि साइकिल परिवहन का स्वच्छ तथा सस्ता माध्यम है, इससे किसी भी प्रकार का पर्यावरण प्रदूषण नहीं होता और यह फिटनेस की दृष्टि से भी उपयोगी है। इससे विभिन्न देशों को कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में सहायता मिलती है।
उन्होंने कहा कि नीदरलैंड की राजधानी एम्स्टर्डम में 40% लोग काम पर जाने के लिए साइकिल का उपयोग करते हैं, यह संख्या विश्व में सर्वाधिक है। हमें भी स्वस्थ रहने और प्रतिरोधक क्षमता विकसित के लिए साइकिल का प्रयोग बढ़ाना होगा। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा, विद्यालय की प्राध्यापिका जसनीत कौर, हेमा वर्मा और शर्मीला ने अपनी कक्षा दस की छात्राओं पिंकी रावत, कोमल, नेहा, निशा, पूनम, हर्षिता, अंजलि, गुलबहार और आरती के माध्यम से विश्व साइकिल दिवस पर पर्यावरण मित्र एवं शरीर को स्वस्थ रखने और इम्यूनिटी सिस्टम को सुदृढ़ के लिए, स्वस्थ जीवन शैली तथा कोरोना को हराने इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए साइकिल चलाने की जरूरत पर बल दिया।