फरीदाबाद, 28 जूनः कांग्रेस सरकार बनने पर हरियाणा में बदमाशों को रहने नहीं देंगे। सुरक्षित फरीदाबाद, सुरक्षित हरियाणा, विकसित हरियाणा बनाना कांग्रेस का मकसद है। ये कहना है पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। हुड्डा फरीदाबाद में धन्यवादी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे थे। इस मौके पर हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान, विधानसभा में कांग्रेस के उप-नेता आफताब अहमद और विधायक नीरज शर्मा, शारदा राठौर पूर्व विधायक, रघुवीर तेवतिया पूर्व विधायक, ललित नागर पूर्व विधायक, लखन सिंगला, विजय प्रताप समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हुड्डा ने मजबूती के साथ लोकसभा चुनाव लड़ने और बीजेपी को कड़ा मुकाबला देने के लिए कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि आधा मोर्चा आप लोगों ने फतेह कर लिया है। 3 महीने बाद विधानसभा चुनाव में पूरा मोर्चा फतह करने का मौका है। इस बार फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र की सारी विधानसभाओं में कांग्रेस की जीत ही हमारा लक्ष्य है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि फरीदाबाद हरियाणा का सबसे पुराना औद्योगिक नगर है। लेकिन जब से भाजपा सत्ता में आई है, उसने इलाके की जनता को आधारभूत सुविधाओं के लिए भी तरसा रखा है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में यहां आईएमटी, सिक्स लेन सड़कें, गुड़गांव वाली रोड, बाईपास, यूनिवर्सिटी, मेडिकल कॉलेज, बड़े उद्योग, संस्थाएं, वाटर सप्लाई और सीवरेज व्यवस्था स्थापित की थी। लेकिन बीजेपी ने सिर्फ जनता को पानी की किल्लत, गंदे पानी की सप्लाई, सड़कों और सीवरेज के जाम जैसी समस्याओं में उलझाकर रख दिया। 10 साल में यहां कोई भी बड़ी परियोजना, कोई बड़ी संस्था या बड़ा उद्योग नहीं आया। लगातार उद्योग धंधे बंद हो रहे हैं, जिसकी वजह से अकेले फरीदाबाद में एक लाख से ज्यादा लोग बेरोजगार हो गए।
लेकिन कांग्रेस सरकार बनने पर फिर से फरीदाबाद को तमाम समस्याओं से निजात दिलाकर वर्ल्ड क्लास औद्योगिक नगरी बनाया जाएगा। साथ ही कांग्रेस सरकार हरियाणा में कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम का लाभ देगी। बुजुर्गों को 6000 पेंशन, महंगाई से राहत देने के लिए सभी को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। खाली पड़े 2 लाख से ज्यादा पदों को पक्की भर्ती के जरिए भरा जाएगा। जबकि मौजूदा सरकार कौशल निगम के जरिए मामूली वेतन में युवाओं को भर्ती कर रही है। 10-15 हजार के वेतन वाली नौकरी के लिए भी युवाओं से हजारों रुपए की रिश्वत ली जाती है। पक्की भारतीयों में भ्रष्टाचार का स्तर कितना ऊंचा होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार ने परचून की दुकान पर सामान की तरह नौकरियों को बेचा है। कांग्रेस सरकार बनने पर नौकरियों में भ्रष्टाचार को खत्म करके साफ-सुथरी भर्तियां की जाएंगी।