फरीदाबाद में छेड़खानी का आरोपी कथित भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने अपनी नौकरानी की बेटी के साथ छेड़छाड़ की थी और जब उसने विरोध किया तो हॉकी स्टिक के साथ उसे बुरी तरह पीटा भी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, वहीं शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला फरीदाबाद के सेक्टर-16A के महिला थाने के इलाके का है। मिली जानकारी के अनुसार ओल्ड फरीदाबाद के अशोक गोयल ने अपने मकान में साफ-सफाई के लिए एक महिला को काम पर रखा हुआ है। गोयल ने उसे अपने मकान का हिस्सेदार भी बना रखा है। अशोक गोयल खुद को सत्ताधारी भाजपा का नेता बताकर महिला और उसकी 16 साल की बेटी पर रौब झाड़ता रहता था। किसी न किसी बहाने बेटी को कमरे में बुलाकर उससे छेड़छाड़ भी करता था। लड़की ने जब विरोध किया तो गोयल ने उसके मकान की बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया। लड़की ने 15 मार्च को महिला थाने पहुंचकर आरोपी गोयल के खिलाफ केस दर्ज कराया था।