लैप्स हो चुकी पॉलिसी पर अच्छा मुनाफा दिलवाने का देते थे लालच
फरीदाबाद, 26 मार्च । लैप्स हो चुकी इंश्योरेंस पॉलिसियों को रिन्यू करवाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रूपए ठगने वाले गिरोह का साइबर क्राइम ने भड़ाफोड़ किया है। साइबर थाना की पुलिस टीम ने गिरोह के 5 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शुभम, दीपक, राज प्रताप, संजीव और अनुराग का नाम शामिल है। आरोपियों को 19 मार्च 2021 को गिरफ्तार करके पुलिस रिमांड पर लिया गया जिसमें आरोपियों ने उनके द्वारा की गई विभिन्न वारदातें कबूली जिसमें उन्होंने लोगों के साथ करोड़ों रुपए की ठगी की है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन व 9लाख 60हजार रुपए बरामद किए गए हैं और साथ ही आरोपियों के खाते के रखे 2 लाख 45 हजार रुपए फ्रीज़ कर दिए गए हैं। डा. अर्पित जैन ने बताया कि आरोपी बहुत ही शातिराना तरीके से भोले भाले लोगों को अपने चंगुल में फंसाकर उनसे पैसे एंठते थे। आरोपियों ने साइबर तरीके से धोखाधड़ी करने के लिए एक पूरा गिरोह बनाया हुआ था और फर्जी सिम कार्ड के साथ-साथ फर्जी बैंक अकाउंट बनवा रखे थे। जिन पॉलिसी धारकों की इंश्योरेंस पॉलिसी पूरी हो जाती थी या पूरी होने के कगार पर होती थी उन्हें आरोपियों द्वारा फोन किया जाता था और उन्हें उनकी इंश्योरेंस पॉलिसी को सरेंडर करवाकर उनकी पॉलिसी के पैसों के साथ-साथ एक्स्ट्रा बेनिफिट दिलवाने का लालच दिया जाता था। एक्स्ट्रा बेनिफिट्स दिलवाने के नाम पर आरोपी पॉलिसी धारकों से पैसे अपने द्वारा बनवाए गए फर्जी बैंक खाते में ट्रांसफर करवाने की बात कहते थे। पॉलिसी धारक आरोपियों द्वारा दिए गए लालच में आ जाते थे और अपने द्वारा कमाई गई धनराशि आरोपियों द्वारा बताए गए फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर देते थे। पैसा मिलते ही आरोपी अपना नंबर बंद करके सारी धनराशि हड़प लेते थे। इसी प्रकार फर्जी कॉल सेंटर चलाकर आरोपियों ने बहुत से लोगों के साथ धोखाधड़ी की। फरीदाबाद के सेक्टर 29 के रहने वाले नेत्रपाल सिंह भी इन आरोपियों के शिकार हुए और उनके साथ 14 लाख 40 हजार 710 रुपए की धोखाधड़ी हुई। पीडि़त नेत्रपाल ने उनके साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत दिनांक 18 मार्च 2021 को साइबर थाना फरीदाबाद में दी जिस आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी शुभम सिहं पुत्र अशोक व दीपक पुत्र शिव चरण दोनों गाजियाबाद के रहने वाले हैं। आरोपी राज प्रताप सिंह पुत्र राजेन्द्र व संजीव पुत्र ओमप्रकाश दोनों दिल्ली के रहने वाले हैं वहीं आरोपी अनुराग पुत्र मैथली सरण नोएडा का रहने वाला है। सभी आरोपियों को आज अदालत में दोबारा पेश करके जेल भेज दिया गया है और इनके एक अन्य साथी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 5 आरोपी अरेस्ट
Leave a comment
Leave a comment