पलवल में अवैध रूप से करीब 30 एकड़ में विकसित की जा रही 5 कॉलोनियों को DTP इंफोर्समेंट ने मशीनों से ध्वस्त कर दिया। औरंगाबाद और मितरोल गांव में ये पांचों कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। DTP इंफोर्समेंट राजकीर्ति को यह जानकारी मिली। इसके बाद विभाग की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर सभी कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। मशीनों ने 30 डीपीसी, दो निर्माणाधीन मकान और बाउंड्रीवाल को धराशायी कर दिया। इसके अलावा इन कॉलोनियों में बनाई गई सड़कों को भी पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।
डीटीपी के अनुसार जानकारी मिलने पर अवैध रूप से विकसित की जा रही इन कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा किसी भी कीमत पर जिले में अवैध कॉलोनियों को विकसित नहीं होने दिया जाएगा। जो लोग अवैध कॉलोनी काट रहे हैं। उनके खिलाफ अब FIR भी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अवैध कॉलोनियों में प्लाट लेकर मकान न बनाएं। यदि वे प्रशासन की इस हिदायत को नजरंदाज करते हैं तो विभाग अवैध कॉलोनियों में निर्माण किए जाने वाले उनके मकानों को कभी भी तोड़ सकता है। इससे उनकी मेहनत की कमाई बेकार जाएगी।