Haryana/Atulya Loktantra : हरियाणा में शुरुआती रुझानों में भाजपा की बढ़त के बाद तस्वीर बदलती नजर आ रही है। मौजूदा रुझानों के अनुसार राज्य में त्रिशंकु विधानसभा के आसार हैं। 90 सीटों के रुझानों में भाजपा 38 और कांग्रेस 33 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) 11 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
वहीं, इस बीच कांग्रेस के जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला से संपर्क किए जाने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस की तरफ से कर्नाटक की तर्ज पर जेजेपी को सीएम पद की पेशकश किए जाने की खबर है। हालांकि, कांग्रेस ने इस तरह की पेशकश से इनकार किया है। वहीं जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला का कहना है कि किस पार्टी को समर्थन करना है इस बात का फैसला विधायक दल की बैठक के बाद लिया जाएगा।
इससे पहले भाजपा की तरफ से 5 कैबिनेट मंत्री पीछे चल रहे हैं। पीछे चलने वाले मंत्रियों में कैप्टन अभिमन्यु, राम बिलास शर्मा, ओपी धनखड़, कविता जैन शामिल हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला भी पीछे चल रहे हैं।
इस चुनाव में जो प्रमुख उम्मीदवार हैं, उनमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (करनाल), पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा (गढ़ी सांपला-किलोई), रणदीप सिंह सुरजेवाला (कैथल), किरण चौधरी (तोशाम) और कुलदीप बिश्नोई (आदमपुर) और हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष कंवर पाल गुर्जर (जगाधरी) शामिल हैं।