Faridabad/Atulya Loktantra: फरीदाबाद में फिर इंसानियत को शर्मशार करने वाली घटना सामने आई है। डबुआ में 11 वर्षीय बच्ची के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया है। हालांकि डबुआ थाने की पुलिस ने 11 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रवि के रूप में हुई है। उसे गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बच्ची के माता-पिता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वे 26 अक्टूबर को काम पर गए थे। इसी दौरान दोपहर करीब 1 बजे उनके एरिया में रहने वाले रवि ने घर में घुसकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची डर और सहम गई थी। उसने यह बात 28 अक्टूबर को उन्हें बताई।
इसके बाद डबुआ थाने की पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर बच्ची का मेडिकल कराया। साथ ही पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे डबुआ क्षेत्र से गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 32 वर्ष है। पुलिस के अनुसार सीडब्ल्यूसी के माध्यम से बच्ची की काउंसलिंग कराई जा रही है।