Chandigarh/Atulya Loktantra News: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। बुधवार को चौटाला की कोविड जांच रिपोर्ट आई। उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक ओपी चौटाला में कोविड के कोई विशेष लक्षण देखने को नहीं मिले हैं। हालांकि उन्हें सांस लेने में थोड़ी दिक्कत है। एहतियातन उन्हें आइसोलेशन में रखा गया है।
डॉक्टरों की एक विशेष टीम चौटाला की देखभाल कर रही है। उम्र ज्यादा होने के कारण एक-दो दिन में उनकी कई और जांच की जाएंगी। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद बुधवार दोपहर करीब दो बजे उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिछले दिनों ओपी चौटाला के दो पोतों की शादी हुई थी। अभय चौटाला के बेटे कर्ण चौटाला की गुरुग्राम में ही शादी हुई थी। उसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी शामिल हुए थे। समारोह में वह लगातार बिना मास्क में नजर आए थे।
मंगलवार को सिरसा के तेजाखेड़ा स्थित फार्म पर उनके पोते अर्जुन चौटाला के शादी के उपलक्ष्य में पार्टी का आयोजन किया गया था। समारोह में प्रदेश की कई राजनैतिक हस्तियां शामिल हुई थीं।