New Delhi/Atulya Loktantra: प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने महागठबंधन का साथ छोड़ दिया है। आज पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका ऐलान किया। महागठबंधन का साथ छोड़ने के साथ ही कुशवाहा ने बसपा के साथ मिलकर राज्य में एक नया मोर्चा बनाने का भी ऐलान किया है। बता दें कि कुशवाहा ने अपने एक बयान में कहा था कि तेजस्वी यादव चुनाव में नीतीश कुमार का मुकाबला करने की क्षमता नहीं है। इसके बाद से ही कुशवाहा के राजद नीत महागठबंधन को छोड़ने की चर्चाएं चल रहीं थी।
इस दौरान कुशवाहा दिल्ली भी गए और उनके फिर से एनडीए में शामिल होने को लेकर चर्चाएं शुरु हो गई थीं। हालांकि एनडीए में भी उनकी एंट्री नहीं हो सकी। जिसके बाद वह कई छोटी पार्टियों के संपर्क में बताए जा रहे थे और कहा जा रहा था कि उपेन्द्र कुशवाहा इन पार्टियों के साथ मिलकर तीसरे मोर्चे का गठन कर सकते हैं। फिलहाल कुशवाहा ने मायावती के नेतृत्व वाली बसपा के साथ गठबंधन का ऐलान किया है।
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, उपेन्द्र कुशवाहा चाहते थे कि महागठबंधन उन्हें बतौर सीएम उम्मीदवार प्रोजेक्ट करे लेकिन राजद इसके लिए तैयार नहीं थी। इतना ही नहीं राजद कुशवाहा की पार्टी को 10-12 सीटों से ज्यादा देने को भी तैयार नहीं थी। ऐसे में माना जा रहा है कि यही वजह रही कि कुशवाहा ने महागठबंधन से अपने रास्ते अलग कर लिए।