Chandigarh/Atulya Loktantra News : कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा आज हरियाणा में प्रवेश करेगी। यह यात्रा पहले दो दिन की होने वाली थी लेकिन अब इसमें बदलाव किया गया है। अब ट्रैक्टर यात्रा करनाल नहीं जाएगी, इसका समापन कुरुक्षेत्र में ही किया जाएगा। यात्रा के मद्देनजर हरियाणा में पुलिस ने अतिरिक्त प्रबंध किए हुए हैं। कुरुक्षेत्र और करनाल दोनों जिलों में 6-6 अतिरिक्त कंपनियां तैनात की हुई है।
ये है शैड्यूल
यात्रा पटियाला से चलेगी और दोपहर 12.15 बजे देवीगढ़ बॉर्डर से हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा कस्बे में प्रवेश करेगी।
1.15 बजे पिहोवा बॉर्डर पर राहुल गांधी का स्वागत किया जाएगा।
1.45 बजे ट्रैक्टर यात्रा सरस्वती खेड़ा से पिहोवा मंडी पहुंचेगी।
2.45 बजे पिहोवा मंडी में नुक्कड़ मीटिंग होगी।
5.30 बजे कुरुक्षेत्र अनाज मंडी में नुक्कड़ मीटिंग होगी। यहीं यात्रा का समापन होगा।
कांग्रेस के बड़े नेता होंगे शामिल
कृषि विधेयकों का विरोध कांग्रेस पार्टी पहले दिन से कर रही है। ऐसे में राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा के दौरान कांग्रेस के बड़े नेता शामिल होंगे। कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला सुबह-सुबह यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए निकले। इसके साथ-साथ इस यात्रा में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा समेत कांग्रेस के दिग्गज नेता दिखाई देंगे।
यात्रा के लिए ये हैं प्रबंध
यात्रा के लिए पुलिस ने पूरे प्रबंध किए हुए हैं। पुलिस यात्रा की वीडियोग्राफी करेगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने करनाल और कुरुक्षेत्र के डीएम से यात्रा की अनुमति ली है। रैली की अनुमति नहीं है। वहीं सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। राहुल गांधी को हरियाणा आने से रोका नहीं जाएगा।