Chandigarh/Atulya Loktantra : हरियाणा में उत्तर प्रदेश की तर्ज पर दो दिन का लॉकडाउन करने पर प्रदेश सरकार विचार कर रही है। गृह मंत्री अनिल विज ने इस बात के संकेत दिए हैं। सूबे में गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक और झज्झर में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। गृह मंत्री ने कहा कि हरियाणा में कोरोना के बढ़ रहे मामलों को लेकर सरकार गंभीर है। हालांकि रिकवरी रेट बढ़िया है। रोजाना बढ़ रहे आंकड़ों को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। ऐसे में प्रदेश सरकार किसी भी समय कोई बड़ा फैसला ले सकती है।
प्रदेश में इस समय रोजाना करीब 600 मामले कोरोना पॉजिटिव सामने आ रहे हैं। जिसमें अधिकतर मामले दिल्ली के साथ लगते क्षेत्रों में ही आ रहे हैं। अनलॉक टू के साथ ही प्रदेश में कोराना का ग्राफ बढ़ गया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर पर एनसीआर क्षेत्र में लगातार अधिकारियों के माध्यम से निगरानी रखे हैं लेकिन कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है।
मालूम हो कि पहले भी दिल्ली बार्डर दो बार सील हो चुका है। बार्डर सील होने पर सबसे अधिक दिक्कत दिल्ली के लोगों को होती है। रोजमर्रा की सप्लाई के अलावा दिल्ली में नौकरी पेशा लोग परेशान होते हैं। पहली बार जब बार्डर सील हुआ तो लोग हाईकोर्ट भी गए थे। जिसके बाद हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए ही सरकार ने बार्डर सील किया था। ऐसे में यदि दिल्ली बार्डर एक बार फिर से सील हुआ तो परेशानी का सामना दोबारा करना पड़ सकता है।