New Delhi/Atulya Loktantra : उत्तर प्रदेश पुलिस के 8 पुलिसकर्मियों के हत्यारे विकास दुबे की तलाश सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि अब दिल्ली और पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में हो रही है। मंगलवार को विकास दुबे जैसा दिखने वाला एक शख्स फरीदाबाद के एक होटल में कमरा लेने के लिए पहुंचा था लेकिन जरूरी आईडी नहीं होने की वजह से उसे कमरा नहीं मिला था। बाद में पुलिस वहां पहुंची तो तबतक वह शख्स वहां से जा चुका था।
पुलिस ने फरीदाबाद से 3 लोगों को गिरफ्तार किया है जिनके ऊपर आरोप है कि उन्होंने विकास दुबे की सहायता की है, ऐसा माना जा रहा है कि फरीदाबाद के होटल में दिखा शख्स विकास दुबे ही था। इस बीच विकास दुबे और उसके साथियों की उत्तर प्रदेश में भी तलाश जारी है, उसके एक करीबी साथी की बुधवार सुबह एनकाउंटर में मौत हो गई है और एक को गिरफ्तार किया गया है।
हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे का साथी प्रभात अब फरीदाबाद पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस उसे कोर्ट में पेश करके रिमांड मांगेगी। फरीदाबाद पुलिस को जानकारी मिली कि कानपुर कांड का आरोपी विकास दुबे साथियों के साथ इंद्रा काम्प्लेक्स हरि नगर नहर के पास एक घर मे छिपा है। क्राइम ब्रांच और लोकल पुलिस ने रेड की तो एक शख्स ने दरवाजा खोला और ऊपर सीढ़ी पर भागा। उसे पकड़ने के लिए टीम गई तो लोगों ने पुलिस को पीछे से घेर लिया और ऊपर से एक शख्स ने पुलिस पर फायर किया।
पुलिस ने जान बचाई और किसी तरह उस शख्स को पकड़ा तो उसने अपना नाम कार्तिके उर्फ प्रभात बताया। इसके पास से पिस्टल, मैगजीन मिले। इसमें से एक पिस्टल विकास दुबे ने कानपुर हत्या में इस्तेमाल की थी। यूपी पुलिस की लूटी हुई पिस्टल बरामद हुई है। इसके अलावा घर के नीचे से दो लोगों को पकड़ा है। उनके नाम अंकुर और श्रवण है।