मुंबई: कोरोना वायरस के फैलने को लेकर कई राज्यों में कुछ शहरों व जिलों में प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। लॉकडाउन, नाइट कर्फ्यू, वीकेंड लॉकडाउन का एलान किया गया है।हालंकि इस दौरान जरुरी सामानों की दुकानों को खोलने की इजाजत हैं लेकिन इस बीच नागपुर प्रशासन ने फैसला लिया है कि 21 मार्च तक जारी लॉकडाउन में दोपहर एक बजे से सब्जी राशन, रोजमर्रा की जरूरत के सामान की दुकाने बंद रहेंगी।
दरअसल, महाराष्ट्र में इन दिनों सबसे ज्यादा कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं। बीते 24 घंटे में यहां संक्रमण के मामलों में 2021 का सबसे घातक आकड़ा सामने आया है। एक दिन में महाराष्ट्र में 23179 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं। वहीं 84 लोगों की कोरोना की चपेट में आकर मौत हो गई।
सबसे ज्यादा संक्रमित जिलों में नागपुर और पुणे हैं। नागपुर में पिछले 24 घंटे में 3,370 नए केस आए हैं और 16 लोगों की मौत हुई है। हालांकि प्रशासन ने पहले ही नागपुर में 15 मार्च से 21 मार्च तक संपूर्ण लॉकडाउन लागू कर दिया है। लोग यहां कोरोना गाइडलाइंस का पालन नहीं कर रहे।
अब नागपुर में प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। यहां दोपहर 1 बजे के बाद सब्जी, राशन, डेली नीड्स, मांस सहित सभी दुकाने बंद रहेंगी। सिर्फ दवाई की दुकानें खोलने की इजाजत दी गई है।