कटड़ा : क्षेत्र में मौसम पल-पल बदल रहा है। इसके बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह से सुचारु है। हालांकि कम संख्या में ही सही श्रद्धालु मां वैष्णो देवी की यात्रा कर रहे हैं। इसका मुख्य कारण कोरोना महामारी है।
बीते वर्ष इसी अवधि में लाकडाउन के चलते मां वैष्णो देवी यात्रा पूरी तरह से बंद थी। जारी वर्ष में कोरोना की प्रचंड लहर के बावजूद सभी धार्मिक स्थल पूरी तरह से खुले हुए हैं। हालांकि श्रद्धालुओं की संख्या काफी कम है। जो श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, वह निरंतर बिना किसी परेशानी के मां वैष्णो देवी के अलौकिक दर्शन कर परिवार की सुख शांति की कामना के साथ ही कोरोना महामारी के खात्मे को लेकर निरंतर मां वैष्णो देवी से प्रार्थना कर रहे हैं।
बीते दो-तीन दिन से मौसम का मिजाज बदल रहा है। इस दौरान बीच-बीच में हल्की ठंड का एहसास लगातार हो रहा है। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के हौसले बुलंद हैं। दूसरे राज्यों के श्रद्धालुओं की संख्या बिल्कुल न के बराबर है। इसकी मुख्य वजह अधिकांश ट्रेनें जो आधार शिविर कटड़ा तक पहुंचती हैं, उनका रद होना है।
ये भी पढ़ें- https://www.sarvpriyabharat.com/5542/
12 मई को करीब 400 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी, वहीं 13 मई को शाम 5 बजे तक करीब 200 श्रद्धालु मां वैष्णो देवी भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे और इक्का-दुक्का श्रद्धालुओं का आना निरंतर जारी था। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ था। सभी श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए माता के दरबार की ओर बढ़ते रहे।