New Delhi/Atulya Loktantra : फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता जगदीप इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए हैं। 81 साल के जगदीप ने बुधवार को मुंबई में बांद्रा स्थित अपने घर में आखिरी सांस ली। उनके आखिरी सफर के लिए उनके नवाजे मीज़ान जाफ़री (जावेद जाफरी के बेटे) का इंतजार किया जा रहा है, क्योंकि वह लॉक डाउन की स्थिति में मुंबई शहर से बाहर अपने फार्म हाउस में हैं।
अभिनेता जगदीप का पार्थिव शरीर लेकर उनके बेटे जावेद जाफरी घर से मजगांव के सिया कब्रिस्तान की ओर रवाना हो गए हैं। उनके दूसरे बेटे भी साथ हैं। कब्रिस्तान के बाहर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
बता दें कि जगदीप का असली नाम सैयद इश्तियाक जाफरी था। उनके दोनों बेटे जावेद और नावेद जाफरी भी फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। फिल्म ‘शोले’ में उनके सूरमा भोपाली किरदार को काफी पसंद किया गया था। जगदीप ने अपने बॉलीवुड करियर में लगभग 400 फिल्मों में काम किया। परिवार के खास दोस्त और प्रोड्यूसर महमूद अली ने पीटीआई को बताया कि जगदीप का निधन बांद्रा में अपने घर पर रात 8:30 बजे हुआ। उम्र की वजह से उनकी तबीयत ज्यादा ठीक नहीं रहती थी।
जगदीप ने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत बी आर चोपड़ा की फिल्म अफसाना में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट की थी। इसके बाद वह ‘अब दिल्ली दूर नहीं’. ‘मुन्ना’, ‘आर-पार’, ‘दो बीगा जमीन, ‘अंदाज अपना अपना’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में नजर आए।
फिल्म ‘हम पंछी एक डाल के’ में उनके काम को लोगों ने काफी सराहा था और भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भी जगदीप की तारीफ की थी। जगदीप के निधन पर बॉलीवुड जगत में शोक की लहर है। आयुष्मान खुराना, शिल्पा शेट्टी और अनुपम खेर सहित कई फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया है।