ईदगाह का गेट निकालने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद आगजनी-पथराव में बदल गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया और दुकान व ट्रैक्टर में आग लगा दी। इस बीच समझाइश कर रहे पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं हैं।
इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और करीब 47 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र में रात 10 का है।
पथराव में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने के SHO नितिन दवे भी घायल हुए हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आज सुबह भी पूरे एरिया के पुलिस के जवान तैनात हैं। वहीं, प्रतापनगर सर्किल थाना क्षेत्र में धारा 144 लागू की गई।
दो दिन से चल रहा था विवाद
आईपीएस निशांत भारद्वाज ने बताया कि सूरसागर थाना इलाके के राजाराम सर्कल स्थित ईदगाह के मुख्य गेट के पास कुछ दुकान हैं। दो दिन पहले ईदगाह के पीछे की दीवार से दो गेट निकालने का काम शुरू किया गया था।
बस्ती में रहने वाले कुछ लोग गेट निकालने का विरोध जता रहे है। दो दिन में दो बार दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका है, लेकिन पुलिस ने मामला शांत करवा दिया था।
शुक्रवार को गेट निकलते देख पास की बस्ती के लोगों ने फिर से विरोध शुरू कर दिया। वे गेट निकालने के काम को बंद करने की बात पर अड़ गए। तब दूसरे पक्ष के लोग भी वहां आ आए और गेट बनाने के लिए अड़े रहे। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए।
आरोपियों को घरों से निकालकर पकड़ा
हंगामा करीब तीन घंटे तक चला। रात करीब एक बजे पुलिस के हल्के बल प्रयोग के बाद जब रास्ते खाली हुए तो आरोपियों की पहचान की गई। हंगामा व पथराव करने वाले आरोपियों को पुलिस ने घरों से निकालकर हिरासत में लिया। इस दौरान पुलिस को हल्का विरोध भी झेलना पड़ा।
इससे पहले हुए पथराव में पुलिसकर्मियों के साथ कई स्थानीय लोग भी घायल हुए हैं। देर रात से ही पूरे क्षेत्र में सीनियर पुलिस अधिकारियों के साथ फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस की गाड़ियों भी तैनात है। शनिवार सुबह से ही पुलिस की ओर से लोगों को घरों से नहीं निकलने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
राज्य सरकार निगरानी कर रही है- शेखावत
केंद्रीय मंत्री और जोधपुर सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जोधपुर शांति और सद्भाव का नगर है, कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को सबक सिखाने में जिला और पुलिस प्रशासन सक्षम है। राज्य सरकार भी हालात की निगरानी कर रही है।
वहीं, राजस्थान सरकार में मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि शुरू से सूरसागर में शुरू से ही सांप्रदायिक माहौल रहता है। कल की घटना ठीक नहीं था। कोई असामाजिक तत्व इसका फायदा उठाकर माहौल बिगाड़े वह बर्दाश्त नहीं होगा। किसी भी रूप में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने नहीं देंगे।