नई दिल्ली: देश की मोदी सरकार ने खेल के क्षेत्र में बड़ा ऐलान किया है। मोदी सरकार ने खेल के क्षेत्र में दिए जाने वाले सबसे उत्कृष्ट सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदल दिया है। अब से इस पुरस्कार का नाम हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर कर दिया गया है। पीएम मोदी ने इस बारे में ट्वीट कर जानकारी दी।
पीएम मोदी ने इस बारे में ट्वीट करते हुए कहा कि लोगों की भावनाओं को देखते हुए इस अवार्ड का नाम अब मेजर ध्यानचंद के नाम पर किया जा रहा है।
देशवासियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा, ‘देश को गर्वित कर देने वाले पलों के बीच अनेक देशवासियों का ये आग्रह भी सामने आया है कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद जी को समर्पित किया जाए। लोगों की भावनाओं को देखते हुए, इसका नाम अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार किया जा रहा है।’