Chandigarh/Atulya Loktantra: हरियाणा में नगर निकाय चुनाव का परिणाम आज घोषित होगा। सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है। आपको बता दें कि 27 दिसंबर को चुनाव के लिए मतदान हुआ था। राज्य चुनाव आयोग के निर्देश पर संबंधित जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए हैं। सोनीपत, पंचकूला व अंबाला नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद, सांपला, धारुहेड़ा और उकलाना नगरपालिका के चुनाव हुए हैं। मेयर, नगर परिषद व नगरपालिका अध्यक्ष का सीधा चुनाव हुआ है।
वहीं सत्ता पाने की लालसा किस कदर दिलों पर छाई हुई है, इसका अंदाजा इसी बात से लगता है कि गिने-चुने 3 महानगरों में हो रहे मेयर चुनाव के लिए 37 लोग और 4 नगरों की पालिका के पालक बनने के लिए भी 53 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। अंबाला नगर निगम में मेयर पद के लिए 10, पंचकूला में 11 और सोनीपत में 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। रेवाड़ी नगर परिषद के लिए 20, धारूहेड़ा में 13, सांपला में छह और उकलाना नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
इस हिसाब से अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों में मेयर पद के 37 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि रेवाड़ी, धारूहेड़ा, सांपला और उकलाना नगर पालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव में 53 उम्मीदवार एक दूसरे को चुनौती दे रहे हैं। सत्तारूढ़ भाजपा, जजपा गठबंधन ने जीत के लिए पूरी ताकत लगाई है, वहीं कांग्रेस ने भी दमखम के साथ चुनाव लड़ा है। पंचकूला, सोनीपत में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा, जबकि अंबाला में चतुष्कोणीय मुकाबला है। रेवाड़ी नगर परिषद में भी भाजपा व कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है। दोनों ही दल निकाय चुनाव में अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।