भारत में एक बार फिर कोरोना के मामले बढ़ने शुरू हो गए हैं। कल एक दिसंबर को देश में कोरोना के 8,954 मामले थे, लेकिन आज के बुलेटिन में 9,765 मामले आए हैं। यानी करीब 800 मामले बढ़े हैं। 477 नई मौतें हुईं हैं। जबकि 8548 लोगों के कोविड से ठीक होने का दावा किया गया है।
अब तक भारत में कोरोना से 4 लाख 69 हजार 724 की मौत
ताजा मामलों को मिलाकर देश में कुल दर्ज कोरोना मामलों की संख्या 3 करोड़ 46 लाख 06 हजार 541 हो गई है। इनमें से 3 करोड़ 40 लाख 37 हजार 54 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। 4 लाख 69 हजार 724 की मौत कोरोना संक्रमण से अब तक हुई है। भारत में फिलहाल 99 हजार 763 कोरोना एक्टिव केस हैं। कल तक नए केस से ज्यादा रिकवरी हुई थी।
लेकिन अब यह हालात चिंताजनक है कि स्वस्थ होने से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। यह मामले ऐसे समय में बढ़ रहे हैं जबकि ओमीक्रोन का खतरा मंडरा रहा है। मोटे तौर पर देखा जाए तो 16 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में सक्रिय मामले बढ़ रहे हैं।
केरल में कल 5,405 मामले दर्ज किए गए है। 403 लोगों की मौत हो गई हैं। इनमें से ज्यादातर पुरानी मौतें हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ रही है क्योंकि केरल पिछले कुछ दिनों से मौतों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। महाराष्ट्र में 903 और तमिलनाडु में 751 मामले सामने आए।
अब तक 64.35 मिलियन लोगों पर कोरोना टेस्ट
कल की तुलना में आज का टेस्ट पॉजिटिविटी रेट बढ़ा हुआ बता रहा है। कल के बुलेटिन में यह 0.81 प्रतिशत और आज 0.91 प्रतिशत हो गया है। मिजोरम (10.42%), केरल (8.60%) और सिक्किम (3.37%) में सबसे अधिक पाजिटिवटी रेट है।
भारत में कल 10,98,611 लोगों के कोरोना टेस्ट किए गए। अब तक 64.35 मिलियन लोगों पर कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। कल देश भर में 80,35,261 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। अब तक 124.96 करोड़ से ज्यादा डोज का टीकाकरण किया जा चुका है