Chandigarh/Atulya Loktantra : हरियाणा में सोमवार को मानसून पूरी तरह से छा गया है। अगले दो दिन मंगलवार और बुधवार को प्रदेश में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने मंगलवार को तीन जिलों पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में और बुधवार को 15 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश का दौर 14 अगस्त तक जारी रहेगा।
हालांकि प्रदेश में असमान और छितराई बारिश होगी। कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इधर, मंगलवार को रोहतक शहर में भारी बारिश हुई। दोपहर और शाम के समय कुल 92 एमएम बारिश होने से जगह-जगह जलभराव हो गया। जिले में छितराई बारिश हुई। इससे पहले दिन में उमस भरी गर्मी रही। वातावरण में सुबह के समय 80 प्रतिशत और शाम के समय 85 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। रोहतक में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
12 को इन जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने 12 अगस्त को कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, भिवानी और चरखी दादरी में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ 70 से 100 एमएम तक बारिश हो सकती है।
प्रदेश में 9 एमएम औसत बारिश
सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अच्छी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में औसतन 9 एमएम बारिश हुई। एक जून से अब तक हरियाणा में 235 एमएम बारिश हो चुकी है। जबकि इस अवधि तक 260 एमएम बारिश होती है। इस तरह 10 फीसदी कम बारिश हुई है।