देश के 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के वोटों की काउंटिंग जारी है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश की गोला गोकर्णनाथ, बिहार की गोपालगंज और हरियाणा की आदमपुर सीट पर जीत दर्ज की है। वहीं, बिहार की मोकामा सीट पर RJD कैंडिडेट और बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी जीत गई हैं। इधर, तेलंगाना में TRS ने BJP के कैंडिडेट को हरा दिया है। सभी सीटों पर 3 नवंबर को वोटिंग हुई थी।
राज्य | सीट | जीत |
बिहार | मोकामा | नीलम देवी (RJD) |
बिहार | गोपालगंज | कुसुम देवी (BJP) |
हरियाणा | आदमपुर | भव्य बिश्नोई (BJP) |
उत्तर प्रदेश | गोला गोकर्णनाथ | अमन गिरी (BJP) |
तेलंगाना | मुनुगोड़े | कुसुकुंतला प्रभाकर रेड्डी (TRS) |
महाराष्ट्र | अंधेरी ईस्ट (मुंबई) | ऋतुजा लटके (शिवसेना – उद्धव गुट) |
ओडिशा | धामनगर | काउंटिंग जारी |
सबसे ज्यादा 75.25% मतदान हरियाणा की आदमपुर सीट पर हुआ था। वहीं, महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट सीट के लिए सबसे कम 31.74% मतदान हुआ था। जिन सात सीटों पर उपचुनाव हुआ, उनमें 2-2 सीटों पर BJP और कांग्रेस का कब्जा था। वहीं, तीन सीटों पर BJD, शिवसेना और RJD थे। नीचे दी गई टेबल में आप सभी राज्यों की उपचुनाव वाली सीटों पर वोटिंग प्रतिशत देख सकते हैं…
लखीमपुर खीरी की गोला गोकर्णनाथ सीट पर हुए उपचुनाव में BJP कैंडिडेट अमन गिरी ने बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने सपा कैंडिडेट विनय तिवारी को 34,298 वोट के अंतर से हराया है। मार्जिन में उन्होंने अपने पिता अरविंद गिरी का रिकार्ड भी तोड़ दिया है। 2022 में अरविंद गिरी ने सपा के विनय तिवारी को 29294 वोटों के मार्जिन से हराया था।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने ट्वीट किया था कि इस उपचुनाव में BJP कैंडिडेट अमन गिरि को यहां की जनता जनार्दन भारी अंतर से विजयी बना रही है। एक बार फिर कमल खिलेगा और साइकिल पंचर होगी। सपा का गुंडागर्दी का अंत समय है। BJP का सुशासन, विकास और राम राज्य को जनता का आशीर्वाद है।
हरियाणा के आदमपुर में BJP जीती
हरियाणा के हिसार जिले में आदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में BJP कैंडिडेट भव्य बिश्नोई जीत गए हैं। उन्हें 16,606 वोटों से जीत मिली है। भव्य पूर्व CM भजनलाल परिवार की तीसरी पीढ़ी से हैं, जो चुनाव लड़े। जीत का पता लगते ही भव्य के समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए पटाखे फोड़कर जश्न मनाना शुरू कर दिया है। पिछली बार उनके पिता कुलदीप बिश्नोई यहां से जीते थे। हालांकि कांग्रेस छोड़ने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद यह उपचुनाव करवाने पड़े।
बिहार में RJD और BJP को 1-1 सीटें मिलीं
बिहार में उपचुनाव में महागठबंधन और BJP की लड़ाई बराबर पर रही। मोकामा में RJD के कैंडिडेट और गोपालगंज में BJPकी कैंडिडेट की जीत हुई है। मोकामा में बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने BJP की सोनम देवी को 16,707 वोटों से हराया है। यहां आरजेडी को 79,646 और BJP को 62,939 वोट मिले। पिछली बार की जीत की मार्जिन कम हुई है।
गोपालगंज में BJP की कुसुम देवी ने आरजेडी के मोहन गुप्ता को आखिरी राउंड में 2183 वोट से हरा दिया। आखिरी राउंड तक यहां पर कांटे की टक्कर रही। गोपालगंज में BJP की कुसुम देवी शुरू से ही बढ़त बना ली थीं। 20वें राउंड में आरजेडी के मोहन गुप्ता आगे निकल गए। उन्होंने 1135 वोट की बढ़त ले ली, लेकिन 22वें राउंड में फिर BJP आगे निकल गई। आखिरी 24वें राउंड तक BJP ने बरकरार रखी और जीत दर्ज की।
मुंबई के अंधेरी पूर्व में शिव सेना गुट की कैंडिडेट जीतीं
अंधेरी ईस्ट सीट से शिवसेना-उद्धव गुट की ऋतुजा लटके जीत गई हैं। लटके को कांग्रेस और एनसीपी (NCP) ने अपना समर्थन दिया हुआ था।
रमेश लटके के आकास्मिक निधन के चलते यह सीट खाली हुई थी। शिवसेना गुट ने उनकी पत्नी को टिकट दिया है। BJP ने इस सीट पर बिजनेसमेन मुरजी पटेल को कैंडिडेट बनाया था। वहीं, एकनाथ शिंदे गुट ने भी मुरजी को समर्थन देने का ऐलान किया था। नामांकन दाखिल करने के 4 दिन बाद BJP ने अपने कैंडिडेट का नामांकन पीछे ले लिया। BJP ने कहा कि वो एक विधवा के सामने चुनाव लड़कर महाराष्ट्र की संस्कृति को बदनाम नहीं करना चाहते हैं।
तेलंगाना के मुनुगोड़े में TRS जीती
तेलंगाना में मुनूगोड़े विधानसभा सीट पर TRS ने BJP के कैंडिडेट को हरा दिया है। इन दोनों पार्टियों के बीच बेहद कड़ा मुकाबला देखा गया। यह सीट कांग्रेस विधायक कोमातीरेड्डी राज गोपाल रेड्डी के पार्टी से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी। गोपाल रेड्डी अब BJP के साथ हैं और उसी पार्टी से चुनाव लड़े। TRS के पूर्व विधायक कुसुकुंतला प्रभाकर रेड्डी थे, जोकि चुनाव जीत चुके हैं। कांग्रेस से पलवई श्रावंथी भी मैदान में थे।
ओडिशा के धामनगर में BJP आगे
ओडिशा की धामनगर विधानसभा सीट से BJP आगे चल रही है। BJP विधायक बिष्णु चरण सेठी का निधन होने की वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। BJP ने यहां से दिवंगत विधायक बिष्णु चरण सेठी के बेटे सूर्यवंशी सूरज को अपना कैंडिडेट बनाया। वहीं, बीजद ने यहां अबंती दास को अपना कैंडिडेट बनाया था।