NEET UG 2024 पेपर लीक को लेकर लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस के यूपी प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के साथ कार्यकर्ता विधानसभा जा रहे थे। पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के पास ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इससे भड़के कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए।
पुलिस से धक्का-मुक्की करने लगे। अजय राय भी बैरिकेडिंग कूद कर आगे बढ़े तो पुलिस ने पकड़ लिया। उनकी पुलिस से झड़प हो गई। पुलिस ने उन्हें धक्का देकर बैरिकेडिंग के पार कर दिया। प्रदर्शन उग्र होता देख पुलिस ने अजय राय के साथ करीब 100 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया और ईको गार्डन लेकर गई।
इधर, वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार का पुतला फूंकने वाले थे, तभी पुलिसकर्मियों ने उनसे पुतला छीन लिया और ई-रिक्शा से पुतला लेकर गए। आगरा-कानपुर में भी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
अजय राय ने कहा- गिरफ्तार कर लिया गया, देखिए कहां लेकर जाएंगे। हम छात्रों के हितों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने जबरन हमको गाड़ियों में भर दिया। हमारी मांग है कि नीट की परीक्षा दोबारा कराई जाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें।
अखिलेश ने भी पेपर लीक पर सरकार को घेरा, कहा- FIR की कॉपी सार्वजनिक हो
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर लिखा- ये आरोप बेहद गंभीर है कि पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर आयोजित करवाने वाली गुजरात की कंपनी का ही, पेपर लीक करवाने में हाथ है। उसका मालिक जब विदेश भाग गया, तब उप्र सरकार ने उसके बारे में जनता को बताया।
जनता के गुस्से से बचने के लिए दिखाने भर के लिए उस कंपनी को ब्लैक लिस्ट कर दिया। यूपी सरकार उस कंपनी और उसके मालिक के खिलाफ FIR की कॉपी सार्वजनिक करे। गुजरात भेजकर उसकी संपत्ति से खामियाजा वसूलने की हिम्मत दिखाए।
ऐसे आपराधिक लोग यूपी के 60 लाख युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने के दोषी हैं। उप्र की भाजपा सरकार साबित करे कि वो इन अपराधियों के साथ है या प्रदेश की जनता के साथ।