रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) की आज 45वीं एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में 5G सर्विस लॉन्च करने का ऐलान किया गया। मीटिंग में कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने बताया कि 5G की शुरुआत मेट्रो सिटी से दिवाली तक होगी। 2023 तक पूरे भारत में 5G सर्विस मिलने लगेगी।
वहीं उन्होंने कहा कि आकाश अंबानी जियो, ईशा अंबानी रिटेल और अनंत अंबानी न्यू एनर्जी बिजनेस की जिम्मेदारी संभालेंगे। ईशा अंबानी ने रिटेल बिजनेस के जानकारी देते हुए बताया कि देश के 260 शहरों में जियो मार्ट पहुंच चुका है। रिलायंस FMCG बिजनेस भी लॉन्च करेगी।
दुनिया का सबसे बड़ा और एडवांस्ड 5G नेटवर्क
अंबानी ने कहा, जियो 5G दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे एडवांस्ड 5G नेटवर्क होगा। Jio 5G के लेटेस्ट वर्जन को डिप्लॉय करेगा, जिसे स्टैंडअलोन 5G कहा जाता है। इसकी 4G नेटवर्क पर शून्य निर्भरता है। स्टैंडअलोन 5G के साथ जियो लो लेटेंसी कनेक्टिविटी, बड़े पैमाने पर मशीन-टू-मशीन कम्युनिकेशन, 5G वॉयस, और मेटावर्स जैसी नई और पावरफुल सर्विसेज करेगा।
उन्होंने कहा कि कंपनी 5G सर्विस के लिए 2 लाख करोड़ रुपए का निवेश करेगी। कंपनी दिवाली तक दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता सहित कई प्रमुख शहरों में 5G लॉन्च करेगी। दिसंबर 2023 तक पूरे भारत में 5G कवरेज होगा। कंपनी ने माइक्रोसॉफ्ट, मेटा और इंटल के साथ भी साथ भी पार्टनरशिप की है। क्वालकॉम के साथ पार्टनरशिप का ऐलान किया गया है।
कंपनी सस्ते 5G फोन के लिए गूगल के साथ काम कर रही है। कुछ रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि जियो के 5G फोन को इस साल के अंत में लॉन्च किया जा सकता है। अगर फोन की एक्सपेक्टेड प्राइस की बात करें तो यह 10 हजार- 12 हजार रुपए हो सकती है। 5G सेगमेंट में जियो फोन 5G सबसे सस्ता ऑप्शन हो सकता है।
लॉन्च से पहले जियो एक्सपीरियंस सेंटर
जियो के डायरेक्टर किरण थॉमस ने कहा, ‘रिलायंस मुंबई में एक जियो एक्सपीरियंस सेंटर खोलने जा रही है, जहां लोगों को इसके लॉन्च से पहले 5G का अनुभव करने का मौका मिलेग। हम सभी को जियो ट्रू 5G के मैजिक को एक्सपीरियंस करने के लिए आमंत्रित करते हैं।’
रिटेल स्टोर्स की संख्या 15,000 के पार पहुंची
रिटेल की डायरेक्टर ईशा अंबानी ने कहा कि डिजिटल कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर हर दिन लगभग 6 लाख ऑर्डर मिले, जो पिछले साल की तुलना में 2.5 गुना ज्यादा है। पिछले साल कंपनी ने करीब 2500 नए स्टोर भी खोले। इसके साथ ही स्टोर्स की संख्या 15,000 से ज्यादा हो गई है।
रिलायंस रिटेल ने पिछले साल करीब डेढ़ लाख नौकरियां दी हैं। इसके साथ ही कर्मचारियों की संख्या 3,60,000 से ज्यादा हो गई है। ईशा ने कहा कि कंपनी ने पिछले साल 20 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड कस्टमर्स को सर्विस प्रोवाइड की। 52 करोड़ लोग स्टोर्स में आए।
450 करोड़ लोगों ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को विजिट किया। कंपनी ने फ्रेशपिक लॉन्च किया और ऑन-द-गो कस्टमर्स के लिए 7-इलेवन की शुरुआत की। इसके अलावा, रिलायंस रिटेल फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स (FMCG) के कारोबार में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है।
अंबानी का सक्सेशन प्लान
मुकेश अंबानी ने कहा कि आकाश और ईशा ने जियो और रिटेल में नेतृत्व की भूमिका निभाई है। वे स्थापना के बाद से रिलायंस के कंज्यूमर बिजनेस में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अनंत भी न्यू एनर्जी बिजनेस में शामिल हो गए हैं और अपना ज्यादातर समय जामनगर में बिता रहे हैं।
अंबानी ने कहा, ‘तीनों को पूरी तरह से हमारे फाउंडर की मानसिकता विरासत में मिली है। उन्हें हमारे सीनियर लीडर्स से डेली बेसिस पर मेंटर किया जाता है। मेंटर्स में मैं और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स भी शामिल है।’
अपडेट्स:
- O2C में अगले 5 साल में 75 हजार करोड़ का निवेश करेंगे
- ग्रीन एनर्जी पर रिलायंस का फोकस लगातार बढ़ रहा है
- 2023 तक बैटरी पैक का प्रोडक्शन शुरू होगा
- पावर इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए गीगा फ्रैक्ट्री जल्द
- न्यू एनर्जी में भारत को ग्लोबल लीडर बनाएंगे
- हजीरा में कार्बन फाइबर प्लांट बनाएंगे जो दुनिया के बड़े प्लांट में से एक होगा
जियो 5G सर्विस रोलआउट को तैयार
रिलायंस जियो ने हाल ही में भारत में अलग-अलग फ्रीक्वेंसी बैंड में अपनी 5G नेटवर्क सेवाएं शुरू करने के लिए 5G स्पेक्ट्रम हासिल किया था। कंपनी ने दूरसंचार विभाग (DoT) की ओर से आयोजित नीलामी में 700MHz, 800MHz, 1800MHz, 3300MHz और 26GHz बैंड में स्पेक्ट्रम हासिल किया है। रिलायंस इस स्पेक्ट्रम का इस्तेमाल 20 साल तक कर सकेगा।
जियो ने करीब 1,000 शहरों में 5G सर्विस शुरू करने के लिए 5G टेलीकॉम डिवाइस की टेस्टिंग की है। इस दौरान हीट मैप, 3D मैप और रे-ट्रेसिंग टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर टारगेट कस्टमर कंजंप्शन और रेवेन्यू के एक्सपेक्टेशन को आधार बनाया गया। स्पेक्ट्रम के लिए कंपनी ने 88,078 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।
कितना बड़ा है रिलायंस का साम्राज्य?
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक फॉर्च्यून 500 कंपनी है और भारत में सबसे बड़ा प्राइवेट सेक्टर कॉर्पोरेशन। टेक्सटाइल और पॉलिएस्टर से शुरू हुआ कंपनी का सफर आज एनर्जी, मटेरियल, रिटेल, एंटरटेनमेंट और डिजिटल सर्विस में फैल गया है। रिलायंस के पास सिंगल लोकेशन पर दुनिया की सबसे बड़ी रिफायनरी है।
रिलायंस का साम्राज्य आज 217 अरब डॉलर, यानी करीब 16 लाख करोड़ रुपए का हो गया है। ये न्यूजीलैंड, ईरान, पेरू, ग्रीस, कजाकिस्तान जैसे देशों की GDP से ज्यादा है। रिलायंस प्राइवेट सेक्टर में कस्टम और एक्साइज ड्यूटी का सबसे बड़ा पेयर है। रिलायंस के कोई न कोई प्रोडक्ट या सर्विस का इस्तेमाल लगभग हर भारतीय करता है।