Faridabad/Atulya Loktantra : हरियाणा में कोरोना संक्रमण कम नहीं हो रहा है। अब फिर से लगातार 400 से ज्यादा केस सामने आ रहें हैं। एक ही दिन में फरीदाबाद के डिप्टी सीएमओ समेत 488 नए संक्रमितों मिले हैं। जबकि छह लोगों की मौत हो गई है। प्रदेश में जांच का दायरा अब बढ़ाया जा रहा है। पंचकूला, अम्बाला और गुड़गांव के जिला अस्पतालों में कोरोना की जांच शुरू हो चुकी है। अब रेवाड़ी, फरीदाबाद और सिरसा में कोरोना सैंपल की जांच की अप्रूवल आईसीएमआर से मिल गई है।
यहां सिविल अस्पताल में जल्द ही लैब का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर दिया जाएगा। इसके बाद प्लानिंग फरीदाबाद, भिवानी और जींद की है। ऐसे में प्रदेश में जांच तेजी से होंगी। इसके अलावा गुड़गांव, फरीदाबाद, झज्जर, रेवाड़ी, रोहतक आदि जिलों में नई भर्ती किए गए ज्यादातर डॉक्टरों को लगाया गया है। फरीदाबाद-गुड़गांव में पैरामेडिकल स्टाफ डिमांड के अनुसार भेजे जा रहे हैं। राज्य में इस वक्त प्रति मिलियन 9749 लोगों की जांच हो रही है। हर दिन औसत 4500 सैंपल लिए जा रहें हैं।
इधर, गुड़गांव व सोनीपत में 2-2 और फरीदाबाद व झज्जर में एक-एक नई मौत हुई है। राज्य में जहां संक्रमितों की संख्या 13559 पर तो मरने वालों का आंकड़ा 224 पर पहुंच गया है। राज्य में शनिवार को 456 मरीज ठीक हुए। अब तक 8472 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। हरियाणा में रिकवरी रेट 63.10% हो गया है।