New Delhi/Atulya Loktantra: अभिनेत्री पायल घोष के निर्देशक अनुराग कश्यप पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने और केस दर्ज कराने के बाद अनुराग कश्यप से मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन में पूछताछ हो रही हैं। गौरतलब है कि अभिनेत्री पायल घोष ने अनुराग कश्यप पर यौन उत्पीड़न के आरोप में केस दर्ज कराया है। पायल लगातार उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रही हैं।
पायल घोष की लड़ाई में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले आवाज उठा रहे हैं। अठावले ने मुंबई पुलिस से अनुराग कश्यप को गिरफ्तार करने की मांग की और कहा कि अगर मुंबई पुलिस जल्द अनुराग कश्यप को गिरफ्तार नहीं करती वो धरने पर बैठेंगे। पायल घोष ने 19 सितंबर को ट्वीट कर अनुराग कश्यप पर यौन शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने पीएम मोदी से न्याय की गुहार लगाई थी।
पायल घोष ने कहा था कि ‘पहले मैं अपने मैनेजर के साथ उनसे (अनुराग कश्यप) मिली। फिर उसके बाद मैं उनके घर जाकर मिली। उन्होंने मुझसे बहुत अच्छे से मुलाकात की थी। उनका व्यवहार देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा था लेकिन जब दूसरे दिन उन्होंने अपने घर बुलाया तो कुछ चीजें ठीक नहीं हुईं मेरे साथ। इसी बारे में मैने बात की।’
पायल के आरोपों को अनुराग कश्यप ने खारिज कर दिया। उन्होंने ट्वीट करते हुए अपनी बात रखी थी। उन्होंने लिखा था, ‘क्या बात है, इतना समय ले लिया मुझे चुप करवाने की कोशिश में। चलो कोई नहीं। मुझे चुप कराते-कराते इतना झूठ बोल गए कि औरत होते हुए दूसरी औरतों को भी संग घसीट लिया। थोड़ी तो मर्यादा रखिए मैडम। बस यही कहूंगा कि जो भी आरोप हैं आपके सब बेबुनियाद हैं।’